October 22, 2026

MetroLink24

www.metrolink24.com

स्वाइन-फ्लू के इलाज के लिए अस्पतालों में पुख्ता इंतजाम

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सजग रहने की अपील की

किसी भी जानकारी के लिये फोन नम्बर 104 पर कर सकते हैं संपर्क

रायपुर. 8 सितम्बर 2024. स्वाइन-फ्लू से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बिलासपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रभात श्रीवास्तव ने बताया कि मेडिकल कॉलेज सिम्स, जिला अस्पताल और सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में आइसोलेशन वार्ड, दवाईयों और आक्सीजन सिलेंडर की सुविधा है। जरूरत पड़ने पर मरीजों को उच्च संस्थानों में भेजने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था भी है। उन्होंने बताया कि स्वाइन-फ्लू सामान्य बुखार जैसा ही होता है। शरीर में दर्द, सर्दी और बलगम की शिकायत के साथ बुखार आता है तो तत्काल चिकित्सक से परामर्श जरूर लें।

बिलासपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि बिलासपुर जिले में स्वाइन-फ्लू पीड़ितों की मौत के पीछे कई बीमारियां हैं जो मरीजों को पहले से होती हैं। ऐसे मरीजों द्वारा देर से इलाज लेना प्रारंभ करने पर हालत गंभीर हो जाती है जो मृत्यु का कारण बनता है। उन्होंने कहा कि स्वाइन-फ्लू से पीड़ित होने पर तुरंत उपचार लेना चाहिए। इससे बचाव के लिए भीड़ से दूर रहना चाहिए । सार्वजनिक स्थानों पर थूकने-छींकने से बचें, मास्क का उपयोग करें और अन्य लोगों से दूरी बनाकर रखें। सर्दी, खांसी, बुखार होने पर शुरूआती 72 घंटों में स्वस्थ नहीं होने पर स्वाइन-फ्लू की जांच अवश्य कराएं। किसी भी तरह की जानकारी के लिए फोन नम्बर 104 पर चौबीसों घण्टे संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.