October 21, 2026

MetroLink24

www.metrolink24.com

विश्व पर्यटन दिवस पर “सेंट्रल इंडिया कनेक्ट मार्केट प्लेस-2024” का आयोजन

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय करेंगे शुभारंभ

छत्तीसगढ़ राज्य में पर्यटन उद्योग की नई संभावनाओं और निवेश के अवसरों पर विशेषज्ञ करेंगे विचार-विमर्श

रायपुर, 26 सितंबर 2024/मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय 27 सितम्बर को विश्व पर्यटन दिवस के मौके पर “सेंट्रल इंडिया कनेक्ट मार्केट प्लेस-2024” का शुभारंभ करेंगे। यह आयोजन छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड एवं छत्तीसगढ़ ट्रैवल ट्रेड एसोसिएशन (सीजीटीटीए) के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। यह आयोजन नवा रायपुर स्थित होटल मेफेयर में दोपहर 2 बजे से प्रारंभ होगा। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य में पर्यटन उद्योग की नई संभावनाओं और निवेश के अवसरों पर विशेषज्ञों द्वारा विचार-विमर्श किया जाएगा। इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ ही विभिन्न पर्यटन स्टॉल्स और प्रदर्शनियाँ लगाई जाएगी।

इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थल, संस्कृति एवं पर्यटन संभावनाओं को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाना है। विश्व पर्यटन दिवस-2024 का थीम पर्यटन और शांति है। कार्यक्रम के दौरान राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार, ब्रांडिंग एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। छत्तीसगढ़ पर्यटन की समृद्ध विरासत, प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक धरोहर को नए आयाम देने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसके आयोजन से राज्य के आर्थिक और सांस्कृतिक विकास को बल मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ राज्य में पर्यटन की नई संभावनाओं और निवेश के अवसरों पर विशेष सत्र आयोजित होंगे। उद्योग से जुड़े विशेषज्ञ, व्यवसायी, एवं निवेशक इस अवसर पर अपनी राय साझा करेंगे और पर्यटन क्षेत्र के विकास पर विचार-विमर्श करेंगे। छत्तीसगढ़ के पर्यटन को वैश्विक मंच पर मजबूती प्रदान करने के लिए इस आयोजन में पर्यटन से जुड़े कई प्रतिष्ठित लोग एवं संस्थान हिस्सा लेंगे। इसके अतिरिक्त इस आयोजन में छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर और अद्वितीय पर्यटन स्थलों की ब्रांडिंग पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। इससे न केवल राज्य के भीतर बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी छत्तीसगढ़ के पर्यटन को प्रोत्साहन मिलेगा। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ ट्रैवल ट्रेड एसोसिएशन के अध्यक्ष, पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और राज्य के विभिन्न हिस्सों से जुड़े पर्यटन प्रतिनिधि शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.