October 21, 2026

MetroLink24

www.metrolink24.com

मरीजों के लिए ‘दाई कोरा‘ का निर्माण अनुकरणीय कार्य: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

मुख्यमंत्री ने सीएमएचओ कार्यालय में आश्रय भवन ‘दाई कोरा‘ का किया शुभारंभ

रायपुर, 14 अगस्त 2022/मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज यहां मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में मरीजों के लिए दान स्वरूप निर्मित आश्रय भवन ‘दाई कोरा‘ का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने दानदाता की सराहना करते हुए कहा कि यह मानव समाज के हित में प्रशंसनीय और अनुकरणीय कार्य है। उन्होंने आश्रय भवन दाई कोरा में ठहरने वाले मरीज के परिजनों के लिए भोजन की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने कहा।

गौरतलब है कि श्री भरत वर्मा जी एवं गंगोत्री वर्मा जी द्वारा अपने पुत्री स्वर्गीय श्रीमती स्मृति गुंजन बघेल एवं पुत्र स्वर्गीय श्री राकेश वर्मा की स्मृति में डी. के. एस. अस्पताल में आने वाले मरीजों के परिजनों के ठहरने के लिये एवं विश्राम हेतु 12 बिस्तरीय ‘दाई कोरा‘ नाम से आश्रय भवन का निर्माण कराया गया है। यह भवन सर्व-सुविधायुक्त है, जिसमें पीने के पानी हेतु आर.ओ. फिल्टर युक्त स्वच्छ जल की व्यवस्था है। इसके साथ ही सर्वसुविधायुक्त महिला एवं पुरुष कक्ष का निर्माण किया गया है। जिसमें महिलाओं के लिये 06 बिस्तर एवं पुरूषों के लिये 06 बिस्तर युक्त कक्ष है। जिसमें पृथक से प्रत्येक इकाई में अटैच रूम में नहाने हेतु बाथरूप एवं टायलेट की व्यवस्था है। इसके साथ ही गर्मियों से राहत हेतु कूलर की व्यवस्था भी की गई है। इसके साथ ही इस भवन के प्रथम तल में चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रशिक्षण हेतु कक्ष का निर्माण कराया गया है। जिसे विभाग को दैनिक उपयोग हेतु दान दिया जा रहा है। इस भवन की कुल लागत 45.50 लाख है। जिसका निर्माण स्वयं श्री भरत वर्मा जी द्वारा अपने व्यय पर कराया गया है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, रायपुर की मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मीरा बघेल ने श्री भरत वर्मा एवं श्रीमती गंगोत्री वर्मा के प्रति आभार प्रकट किया।

इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में जुड़े। विधायक श्री सत्यनारायण शर्मा, श्री कुलदीप जुनेजा, महापौर श्री एजाज ढेबर, कलेक्टर डॉक्टर सर्वेश्वर भुरे, सीएमएचओ डॉ. मीरा बघेल, जनप्रतिनिधि गण एवं विभागीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.