October 21, 2026

MetroLink24

www.metrolink24.com

मुख्य सचिव ने नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज क्रिकेट टूर्नामेंट के मैच की तैयारियों की समीक्षा की

27 सितम्बर से 01 अक्टूबर तक नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में होगा रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमी फाइनल और फाइनल मैच का आयोजन

सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता लाने किया जाएगा आयोजन, तैयारियां शुरू 

रायपुर 12 सितम्बर  2022 /सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए जन-जागरूकता लाने नवा रायपुर के परसदा स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 27 सितम्बर से एक अक्टूबर तक रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल और फाइनल मैच का आयोजन होगा। क्रिकेट मैच के आयोजन की प्रारंभिक तैयारियों के संबंध में आज मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक सम्पन्न हुई। 

मुख्य सचिव ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को मैच के आयोजन के संबंध में जिम्मेदारी सौंपी। बैठक में डीजीपी श्री अशोक जुनेजा और अपर मुख्य सचिव खेल एवं युवा कल्याण श्रीमती रेणु जी पिल्ले मौजूद थी। 

 मुख्य सचिव ने परिवहन आयुक्त श्री दीपांशु काबरा को मैच के आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं एवं प्रारंभिक तैयारियों के संबंध में मैच के आयोजक, लोक निर्माण विभाग, एनआरडीए, पर्यटन सहित अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक समन्वय करने के निर्देश दिए है। 

मुख्य सचिव ने मैच के आयोजन के लिए आयोजन से जुड़े विभागों के नोडल अधिकारी तय करने के निर्देश भी दिए । बैठक में  यातायात, सुरक्षा, पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा सहित मैच के आयोजन के संबंध में तमाम व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में गृह विभाग के प्रमुख सचिव श्री मनोज पिंगुआ, लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री सिद्धार्थ कोमल परदेशी, राजस्व विभाग के सचिव श्री एन.एन.एक्का, एनआरडीए की सीईओ श्रीमती किरण कौशल, खेल संचालक श्रीमती श्वेता सिन्हा सहित, ऊर्जा, पर्यटन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और रायपुर जिले के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और नगर निगम आयुक्त विशेष रूप से शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.