October 21, 2026

MetroLink24

www.metrolink24.com

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जैतू साव मठ में की पूजा-अर्चना,हनुमान बावली का किया दर्शन

रायपुर. 26 अप्रैल 2023 : राजधानी रायपुर में रायपुर दक्षिण विधानसभा में आज भेंट-मुलाकात के लिए निकले मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने जैतू साव मठ में पूजा-अर्चना की। उन्होंने पास ही स्थित हनुमान बावली का दर्शन किया। मुख्यमंत्री ने जैतू साव मठ में हेरिटेज वाक विकास कार्य का लोकार्पण भी किया।

रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा हेरिटेज वाक विकास कार्यों के अंतर्गत एक करोड़ 90 लाख रूपए की लागत से पुरानी बस्ती क्षेत्र के ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहरों के सौंदर्यीकरण के साथ बुनियादी सुविधाएं विकसित की गई हैं। रायपुर जिले के प्रभारी मंत्री श्री रविन्द्र चौबे, गौसेवा आयोग के अध्यक्ष महंत श्री रामसुंदर दास, महापौर श्री एजाज ढेबर और रायपुर नगर निगम के सभापति श्री प्रमोद दुबे भी इस दौरान मौजूद थे।

भेंट-मुलाकात के लिए निकले मुख्यमंत्री श्री बघेल के पुरानी बस्ती पहुंचने पर स्थानीय रहवासियों ने फूलमाला पहनाकर, तिलक लगाकर और आरती उतारकर जोरदार स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने यहां हनुमान बावली का दर्शन कर पूजा-अर्चना की। उन्होंने बावली से सटे ऐतिहासिक हनुमान मंदिर में भी पूजा की। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने बावली परिसर में मुख्यमंत्री का तिलक लगाकर, आरती उतारकर तथा गमछा व श्रीफल भेंटकर स्वागत किया। उन्होंने मानदेय में वृद्धि के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने स्मृति चिन्ह भेंटकर मुख्यमंत्री का अभिनंदन भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.