October 28, 2026

MetroLink24

www.metrolink24.com

समाज के लिए प्रेरणा बन आदर्श जीवन-यापन करें नवदंपत्ति : उपमुख्यमंत्री अरुण साव

उप मुख्यमंत्री ने सामूहिक विवाह में शामिल होकर नवदंपत्तियों को दी बधाई और शुभकामनाएं

रायपुर. 2 मार्च 2024. उप मुख्यमंत्री एवं कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री श्री अरुण साव आज कोरबा के मां सर्वमंगला देवी मंदिर परिसर में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में सपत्नीक शामिल हुए। उन्होंने नवदम्पतियों के परिणय सूत्र में बंधकर दाम्पत्य जीवन में प्रवेश पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने वर-वधुओं के सुखमय जीवन की कामना करते हुए कहा कि आप सभी समाज के लिए प्रेरणा बने एवं आदर्श जीवन-यापन करें। आयोजन में 31 जोड़े पूरे रीति-रिवाज से विवाह के पवित्र बंधन में आबद्ध हुए। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन, कटघोरा विधायक श्री प्रेमचंद पटेल, जनप्रतिनिधि, मंदिर समिति के प्रबंधक व व्यवस्थापक तथा विभिन्न समाज के नागरिक बड़ी संख्या में वर-वधुओं को आशीर्वाद देने उपस्थित थे।

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने सामूहिक विवाह कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि आज मां सर्वमंगला मंदिर परिसर में 31 जोड़ो का सामूहिक विवाह सम्पन्न हो रहा है। सभी जोड़ो को माँ सर्वमंगला के आशीर्वाद के साथ ही अपने माता-पिता एवं परिजन सहित विभिन्न समाज के लोगों और वरिष्ठजनों का शुभ आशीष मिल रहा है। उन्होंने मन्दिर समिति को इस आयोजन के लिए साधुवाद दिया।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारा देश नित नई सफलता की ऊंचाईयों को छू रहा है। अब अनेक मामलों में भारत पूरे विश्व का नेतृत्व कर रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की अगुवाई में राज्य में विकास कार्यों में तेजी आई है। प्रदेश सरकार सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखकर उनके कल्याण के लिए अनेक योजनाएं लागू कर रही है जिनके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने कार्यक्रम में कहा कि सामूहिक विवाह के इस आयोजन में 31 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ है। यह हम सभी के लिए हर्ष की बात है। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव सपत्नीक वर-वधुओं को आशीर्वाद देने आए हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का आयोजन बहुत ही सराहनीय व पुनीत है। श्री देवांगन ने सभी वर-वधुओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सुख-समृद्धि की कामना की।

उप मुख्यमंत्री एवं अन्य अतिथियों ने नवदंपत्तियों को आशीर्वाद देकर उपहार सामग्रियां भेंट कीं। उप मुख्यमंत्री श्री साव ने सपत्नीक मां सर्वमंगला देवी के दर्शन किए। उन्होंने मंदिर में पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर माँ सर्वमंगला से आशीर्वाद लिया एवं प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की मंगल कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.