October 21, 2026

MetroLink24

www.metrolink24.com

मोदी की गारंटी को पूरा करने की दिशा में तेजी से बढ़ रहे हैं आगे: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

अभिनंदन समारोह: मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और विप्र समाज के नवनिर्वाचित विधायक का हुआ सम्मान

रायपुर, 24 जनवरी 2024/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज यहां राजधानी रायपुर के समता कॉलोनी में छत्तीसगढ़ी ब्राह्मण समाज के तत्वावधान में विप्र सांस्कृतिक भवन प्रबंध समिति द्वारा आयोजित ब्राह्मण समाज के नवनिर्वाचित विधायकों के अभिनंदन समारोह में शामिल हुए। समारोह में मुख्यमंत्री श्री साय के द्वारा विप्र समाज की ओर से उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के साथ ही विधायकगण श्री सुशांत शुक्ला, श्री अनुज शर्मा एवं श्री पुरन्दर मिश्रा को शाल, श्रीफल और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विप्र समाज के द्वारा मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल का भी अभिनंदन किया गया। समारोह को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्राचीनकाल से ही हिंदू समाज को मजबूत करने में ब्राह्मण समाज की बहुत बड़ी भूमिका रही है। जो भी वेद वेदांत और अन्य हिंदू धार्मिक ग्रंथों की रचना की गई है उसमे ब्राह्मण समाज का अतुल्य योगदान रहा है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि मोदी की गारंटी में सभी वर्गों का ख्याल रखा गया है। इस गारंटी को पूरा करने में हम तेजी से कदम बढ़ाते जा रहे है। इसमें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख हितग्रहियों को आवास देना शामिल है। किसानो के हित में 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है। छात्रों को न्याय दिलाने के लिए पीएससी में हुई गड़बड़ी की जांच की जा रही है।
इस मौके पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि ब्राह्मण समाज एक प्रबुद्ध समाज है। राष्ट्र के निर्माण में इनकी भूमिका सराहनीय रही है। उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि ब्राह्मण समाज देश और धर्म की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहा है और समाज को मजबूती देने में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है।
समारोह को विधायकगण श्री सुशांत शुक्ला, श्री अनुज शर्मा एवं श्री पुरन्दर मिश्रा ने भी संबोधित किया। समारोह में छत्तीसगढ़ी विप्र समाज की तरफ से समाज के 51 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को 5 लाख रूपए की राशि छात्रवृति के तौर पर दी गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विप्र समाज के लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.